
रिपोर्टर – अमित कुमार मिश्रा
जांजगीर-चाम्पा। जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम भैसमुड़ी में संचालित नव सृजन नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र का जिला पंचायत जांजगीर-चाम्पा के सभापति राजकुमार साहू ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं, उपचार प्रक्रिया एवं वहां रह रहे लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सभापति राजकुमार साहू ने केंद्र में उपचार एवं पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों के संबंध में केंद्र संचालकों से चर्चा की। उन्होंने स्वच्छता, भोजन, आवास व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का भी अवलोकन किया।सभापति राजकुमार साहू ने कहा कि नशामुक्ति के लिए उचित उपचार, परामर्श और परिवार का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सामूहिक प्रयासों से लोगों को स्वस्थ एवं बेहतर जीवन की ओर आगे बढ़ने में सहायता मिलती है। उन्होंने जनजागरूकता के साथ पुनर्वास गतिविधियों को भी प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने केंद्र संचालकों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। साथ ही केंद्र में उपचाररत लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। निरीक्षण के दौरान सरपंच प्रतिनिधि विजय कुमार साहू, दहिदा सरपंच सुरेश साहू एवं नशा मुक्ति केंद्र के चिकित्सक बसंत कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।









