
रिपोर्टर – रवि जायसवाल
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सपत्नीक महादेव की पूजा-अर्चना कर बहनों की सुख-समृद्धि की कामना की लोरमी। स्थानीय विधायक एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को मानस मंच लोरमी में क्षेत्र की माताओं-बहनों के साथ छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व तीजा तिहार में सहभागिता की। लोरमी के भाइयों की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। इस दौरान भाई-बहन के स्नेह और पारिवारिक जुड़ाव की सुंदर झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महादेव की पूजा-अर्चना से हुई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सपत्नीक क्षेत्र की बहनों के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर श्री साव ने सभी बहनों का स्वागत करते हुए तीजा तिहार की शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। बहनों ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया। श्री साव ने कहा कि लोरमी की सभी बहनों के घर धन-धान्य, सुख और समृद्धि से परिपूर्ण रहें तथा परिवार में हमेशा खुशहाली बनी रहे। छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा का पर्व है तीजा उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तीजा छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक पर्वों में विशेष स्थान रखता है। इस अवसर पर माताएं-बहनें पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ व्रत रखती हैं। तीजा के दौरान मायके आने पर बहनों को भाइयों का स्नेह मिलता है और बचपन की सहेलियों से मुलाकात के साथ पुरानी यादें भी ताजा होती हैं। उन्होंने कहा कि लोरमी के भाइयों ने मिलकर क्षेत्र की बहनों के लिए तीजा तिहार का आयोजन किया है। कार्यक्रम में पारंपरिक संस्कृति और लोककला से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। उन्होंने सभी बहनों को तीजा तिहार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने बांधा समां तीजा तिहार के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। प्रदेश की प्रसिद्ध लोकगायिका गरिमा दिवाकर, स्वर्णा दिवाकर एवं उनकी अंजोर टीम ने लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं। ‘तीजा पोरा आगे भाग हमर खुलगे’ और ‘तरी हरि नाना’ जैसे छत्तीसगढ़ी गीतों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बनाया। लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं परंपरा की आकर्षक झलक देखने को मिली। पूरे आयोजन में तीजा पर्व की उमंग के साथ भाई-बहन के स्नेह और पारिवारिक जुड़ाव का भाव नजर आया।









