
रिपोर्टर – डालचंद लोधी
उदयपुरा (रायसेन)। प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला रायसेन के विकासखंड उदयपुरा अंतर्गत मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा चयनित नवांकुर संस्था बाल उदय एवं जन कल्याण बाल विकास समिति भाड़ोंन के संयुक्त तत्वावधान में ‘सृजन से शक्ति’ प्रकृति पूजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जीवनदायिनी प्रकृति और पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वृक्षों का विधिवत पूजन किया गया। साथ ही कन्या पूजन कर नारी शक्ति के सम्मान का संदेश दिया गया। इस अवसर पर नवांकुर सखियों एवं ग्रामवासियों ने प्रकृति के संरक्षण, पौधारोपण और जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवांकुर संस्था प्रमुख पवन पटेल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, पौधारोपण और जल संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण दायित्व है। हम अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखकर, अधिक से अधिक पौधे लगाकर और जल का सदुपयोग करके प्रकृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने ग्रामीणों को नवांकुर संस्था के उद्देश्यों एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को प्रकृति के प्रति सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश दिया गया। इस अवसर पर पवन लोधी, नरेंद्र लोधी, बृजेश पटेल, गौतम लोधी, नवांकुर सखियां एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।









