
रिपोर्ट – भगवान सिंह चौहान
सनावद। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर दुर्गा वाहिनी महिला मंडल द्वारा सनावद थाना परिसर में आत्मीयता और भाई-बहन के स्नेह से भरा रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर दुर्गा वाहिनी की मातृशक्ति ने थाना प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ को राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात समाज की सुरक्षा और सेवा में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। इसी भावना के साथ उन्हें अपना धर्म भाई मानते हुए हर वर्ष रक्षाबंधन के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के माथे पर तिलक लगाया, उनकी कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की। पुलिसकर्मियों ने भी बहनों के प्रति स्नेह व्यक्त करते हुए उनकी सुरक्षा और सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प दोहराया। थाना प्रभारी ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे आयोजन समाज और पुलिस के बीच विश्वास, आत्मीयता एवं सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। पुलिस परिवार की तरह क्षेत्रवासियों की सेवा और सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है।
थाना परिसर में आयोजित इस आत्मीय कार्यक्रम ने भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक सौहार्द का सुंदर संदेश दिया। कार्यक्रम में दुर्गा वाहिनी की बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।









