
रिपोर्टर – रघुवीर सिंह धाकड़
शमशाबाद। भगवान बलराम जयंती के पावन अवसर पर बुधवार को शमशाबाद में किरार धाकड़ समाज द्वारा भव्य चल समारोह निकाला गया। भगवान बलराम के जयघोष और धार्मिक उत्साह के बीच निकले इस समारोह में समाजजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। नगर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धा और उल्लास का वातावरण नजर आया। चल समारोह से पूर्व भगवान बलराम के चित्र का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद महानीम चौराहे स्थित किरार धाकड़ समाज की धर्मशाला से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। धर्म पताका और भगवान बलराम के जयघोष के साथ शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शमशाबाद स्थित द्वारकाधीश मंदिर पहुंची। चल समारोह में भगवान बलराम के जीवन, आदर्शों और धार्मिक महत्व को दर्शाती आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। झांकियों ने श्रद्धालुओं और नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। भगवान बलराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। द्वारकाधीश मंदिर पहुंचने पर समाजजनों ने भगवान बलराम की विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में समाज की एकजुटता, आपसी भाईचारे और धार्मिक आस्था का सुंदर संगम देखने को मिला। एक माह से चल रही थीं तैयारियां समिति के सदस्यों ने बताया कि भगवान बलराम जयंती के चल समारोह को भव्य स्वरूप देने के लिए करीब एक माह से तैयारियां की जा रही थीं। आयोजन में अधिक से अधिक समाजजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव जाकर पत्रिकाओं के माध्यम से आमंत्रण दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्यों के साथ क्षेत्रभर के समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहयोग किया।









