
रिपोर्टर साकिब जिया
बांका। जिला पदाधिकारी बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समाहरणालय एवं विभिन्न शाखाओं के प्रधान सहायकों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यालयीन कार्यों के गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन को लेकर शाखावार समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों में त्रिस्तरीय समिति द्वारा रोकड़ बही सहित अन्य अभिलेखों की जांच की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने जांच के दौरान सामने आई कमियों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण कराने तथा अगले माह पुनः जांच कर सुधार की स्थिति का सत्यापन करने का निर्देश दिया। चांदन अंचल कार्यालय की रोकड़ बही की छायाप्रति उपलब्ध कराने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उच्च न्यायालय से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए समय पर काउंटर एफिडेविट एवं आवश्यक अभिलेख दाखिल करने तथा पुराने CWJC मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा गया। CPGRAMS, जन शिकायत, मुख्यमंत्री ई-बोर्ड, मानवाधिकार एवं लोक शिकायत से संबंधित मामलों का नियमित पंजी संधारण करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नकारात्मक समाचारों से संबंधित पंजी को भी नियमित रूप से अद्यतन रखने को कहा गया।सेवानिवृत्त कर्मियों के सेवांत लाभ से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नीलाम पत्र वादों की समीक्षा के दौरान पुराने मामलों में नियमानुसार नोटिस तामिला कराने को कहा गया, ताकि 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से नीलाम पत्र पदाधिकारियों की संख्या 40 से बढ़ाकर 68 करने के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि विगत माह 450 वादों का निष्पादन करते हुए 6.29 करोड़ रुपये की राशि की वसूली की गई है। आपदा अनुग्रह अनुदान की समीक्षा करते हुए आपदा प्रबंधन शाखा एवं अनुमंडल कार्यालय के प्रधान सहायकों को बेहतर समन्वय के साथ सभी लंबित मामलों का निष्पादन 15 सितंबर 2026 तक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। समीक्षा में पिछले दो माह के दौरान 30 मामलों के निष्पादन की जानकारी भी दी गई।सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित होने वाले सेवा संवाद कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए डीएम ने प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आवेदकों के साथ सौम्य एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा सेवा संवाद के दौरान पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल ने सभी प्रधान सहायकों को निर्देशित किया कि प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन पारदर्शी, नियमानुकूल एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पत्रावली और जनहित से जुड़े मामलों में कार्य की गुणवत्ता के साथ समयबद्धता भी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।









