
रिपोर्टर – सुखनंदन प्रसाद
बिलासपुर। रायपुर–बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-30 एवं NH-130 पर सड़क सुरक्षा और पशु संरक्षण को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। NHAI की परियोजना टीम द्वारा राजमार्ग के विभिन्न पशु-प्रवण स्थानों को चिन्हित कर वहां केटल वार्निंग साइन बोर्ड, रंबल स्ट्रिप, सोलर लाइट, ब्लिंकर्स, स्ट्रीट लाइट एवं पशु जागरूकता फ्लेक्स लगाए गए हैं। इन व्यवस्थाओं से वाहन चालकों को संबंधित स्थानों पर पहले से सावधानी बरतने में सहायता मिलेगी। रात्रि के समय पशुओं की पहचान और दृश्यता को बेहतर बनाने के लिए रिफ्लेक्टिव नेक बैंड्स लगाने की पहल भी की जा रही है। साथ ही आसपास के गांवों, जंक्शन एवं ढाबों में पीए सिस्टम के माध्यम से स्थानीय नागरिकों और पशु मालिकों को सड़क सुरक्षा एवं पशु संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। NHAI की एक्सीडेंट मैनेजमेंट टीमों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग एवं निगरानी की जा रही है। राजमार्ग पर पशुओं की मौजूदगी की सूचना मिलने पर टीम द्वारा उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाती है। NHAI द्वारा जिला प्रशासन, पुलिस, ग्राम पंचायतों एवं स्थानीय समुदायों के साथ समन्वय को और मजबूत करते हुए चिन्हित क्षेत्रों में विशेष पशु पकड़ने एवं सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के अभियान भी संचालित किए जाने की योजना है। यह पहल सुरक्षित राजमार्ग, सुगम यातायात और पशु संरक्षण के प्रति NHAI की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। “सुरक्षित सड़कें – सुरक्षित सफर – सुरक्षित पशु”— भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), रायपुर–बिलासपुर परियोजना









