
रिपोर्टर दीपक जैन
नीमच। जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जीरन पुलिस ने नीमच हाईवे पर रात्रि वाहन चेकिंग के दौरान एक लोडिंग टेंपो से करीब 39 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया गया है। जीरन पुलिस टीम ने हाईवे पर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध टाटा लोडिंग टेंपो क्रमांक RJ06GD6772 को रोककर जांच की। टेंपो पर ‘बालाजी वेफर्स’ लिखा हुआ था। तलाशी के दौरान कुरकुरे और वेफर्स के पैकेटों के नीचे रखे तीन प्लास्टिक कट्टे मिले। जांच करने पर कट्टों में करीब 39 किलोग्राम डोडाचूरा पाया गया।बरामद डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 95 हजार रुपये तथा परिवहन में प्रयुक्त टेंपो की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है पुलिस ने मौके से टेंपो चालक किशन पिता पृथ्वीराज साल्वी, उम्र 25 वर्ष, निवासी काठी, जिला चित्तौड़गढ़, राजस्थान को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस की जांच के आधार पर मामले में आगे भी जानकारी सामने आने की संभावना है।जीरन पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में पुलिस की सतर्कता और सक्रियता सामने आई है।









