
रिपोर्ट: सतीश मुंदड़ा
बदनावर। मालव माटी के संत कमल किशोर नागर को पत्र प्राप्त होने के बाद गुरुभक्तों एवं सनातन समाज के लोगों ने संत के सम्मान और सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है। इस संबंध में बुधवार दोपहर 12 बजे हनुमान मंदिर, महाराणा प्रताप चौपाटी पर एकत्रित होकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है। आयोजकों ने सनातन समाज, गुरुभक्तों एवं गौभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संत के सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराने की अपील की है। पूर्व राज्यमंत्री एवं संत मंडल के सदस्य महेंद्र सिंह पिपलीपाड़ा ने कहा कि संत कमल किशोर नागर के सम्मान और सुरक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने संबंधित मामले में उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही।ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से संत कमल किशोर नागर की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा पत्र से जुड़े मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया जाएगा।









