
रिपोर्टर भगवानदाश शाह
बुरहानपुर, 8 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार पर नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह के मार्गदर्शन में राजस्व, पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम जैनाबाद, बलवाड़ टेकरी एवं आहूखाना क्षेत्र में कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 215 लीटर कच्ची हाथ भट्टी मदिरा एवं 3300 किलोग्राम महुआ लहान जप्त किया। इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत 10 प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार विवेचना में लिए गए हैं। जप्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 3 लाख 80 हजार रुपए बताया गया है।
जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय पर नियंत्रण के उद्देश्य से प्रशासन, पुलिस एवं आबकारी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
कार्रवाई में एसडीएम बुरहानपुर श्रीमती पल्लवी पुराणिक, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री विनोद कुशवाहा, सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मुकेश गौर, थाना शिकारपुर टीआई श्री संदीप चौरसिया, नायब तहसीलदार श्री रजनीश उपाध्याय, आबकारी उप निरीक्षक श्री शेरसिंह मोरे, श्री केतन भाबर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।









