
रिपोर्टर – रमाशंकर ओमरे
अमानगंज। पन्ना जिले के अमानगंज नगर में प्रमुख मार्गों पर सड़क की स्थिति को लेकर स्थानीय नागरिकों ने सुधार कार्य कराने की मांग की है। नगर में भारी वाहनों के आवागमन के बीच कई प्रमुख सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। इससे पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को आवागमन के दौरान सावधानी बरतनी पड़ रही है। अमानगंज से पन्ना जाने वाले मार्ग पर थाना तिराहा से नदी पुल तक सड़क के विभिन्न हिस्सों में गड्ढे हैं। इसी प्रकार अमानगंज-गुन्नौर मार्ग पर थाना तिराहा से पानी की टंकी तक सड़क के कई हिस्सों में मरम्मत की आवश्यकता बताई जा रही है। सिमरिया रोड पर भी सड़क की स्थिति में सुधार की जरूरत महसूस की जा रही है। वहीं अमानगंज-छतरपुर मार्ग पर गांधी चौक से मंडी तक के हिस्से में भी सड़क की मरम्मत की आवश्यकता सामने आ रही है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण बाईपास मार्ग पर भी सड़क की स्थिति प्रभावित होने की बात स्थानीय लोगों द्वारा कही गई है। नागरिकों ने की सड़क सुधार की मांग स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रमुख मार्गों पर सड़क की नियमित मरम्मत एवं रखरखाव होने से आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा। वाहन चालकों ने भी सड़क के गड्ढों को देखते हुए संबंधित विभाग से आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है। स्थानीय स्तर पर सड़क सुधार को लेकर संबंधित अधिकारियों का ध्यान भी आकर्षित कराया गया है। नागरिकों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग द्वारा मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं सुधार कार्य कराया जाएगा, जिससे नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुविधाजनक हो सके।









