
रिपोर्ट – आशीष पाण्डेय
मुंगेली, 09 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से गिरदावरी में दर्ज फसल एवं रकबे की जानकारी को अद्यतन करने के लिए मैदानी सत्यापन एवं रैंडम सत्यापन का कार्य जारी है। डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से किसानों के खेतों और फसलों से संबंधित जानकारी मोबाइल एप के जरिए ऑनलाइन दर्ज की जा रही है। खरीफ सीजन की फसलों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करने के लिए सर्वेयरों द्वारा खेतों में पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के माध्यम से फसल क्षेत्र एवं उत्पादन का बेहतर आकलन करने, कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ाने तथा किसानों तक योजनाओं एवं सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। इसी क्रम में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी एवं मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज ने विकासखंड मुंगेली के ग्राम धरमपुरा सहित अन्य ग्रामों में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर सर्वे की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।जिले में शत-प्रतिशत ई-गिरदावरी कार्य 30 सितंबर 2026 तक पूर्ण किया जाना है। कलेक्टर के निर्देशानुसार डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं गिरदावरी कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के लिए विभिन्न अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी-कर्मचारी मैदानी स्तर पर सर्वे कार्य की निगरानी के साथ दर्ज जानकारी का सत्यापन भी कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा डिजिटल क्रॉप सर्वे को समय-सीमा में पूर्ण कराने के साथ-साथ सर्वे की गुणवत्ता, शुद्धता एवं मैदानी सत्यापन को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि किसानों की फसल एवं भूमि से संबंधित जानकारी व्यवस्थित रूप से दर्ज की जा सके।









