
रिपोर्टर अवधेश दांगी
अशोकनगर। आगामी गणेश चतुर्थी, नवदुर्गा महोत्सव एवं जैन समाज के पवित्र पर्युषण पर्व को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद ने शहर में मांस, मछली, अंडा एवं मदिरा की दुकानों को शहर की सीमा से बाहर करने की मांग की है। इस संबंध में विहिप पदाधिकारियों ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगरपालिका परिषद अशोकनगर को ज्ञापन सौंपा। विहिप जिला अध्यक्ष अंकित बड़कुल ने ज्ञापन के माध्यम से मांग रखी कि धार्मिक पर्वों के दौरान शहर में मांस, मछली, अंडा एवं मदिरा की दुकानों को शहर की सीमा से बाहर किया जाए। साथ ही प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं मंदिर मार्गों पर इनकी बिक्री को नियंत्रित करने की मांग की गई। विहिप जिला सहमंत्री अरुण जैन ने कहा कि गणेश चतुर्थी, नवदुर्गा महोत्सव एवं पर्युषण पर्व धार्मिक आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण अवसर हैं। इन पर्वों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपवास, पूजा-अर्चना एवं धार्मिक आयोजनों में शामिल होते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों एवं प्रमुख मार्गों के आसपास इन दुकानों के संचालन को लेकर श्रद्धालुओं की भावनाओं का ध्यान रखा जाना आवश्यक है। ज्ञापन में पर्वों के दौरान मांस, मछली, अंडा एवं मदिरा की दुकानों को शहर सीमा से बाहर करने, प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं मंदिर मार्गों पर इनकी बिक्री को नियंत्रित करने तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की गई। मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने विहिप पदाधिकारियों को जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विभाग संयोजक वेदराम लोधी, जिला अध्यक्ष अंकित बड़कुल, जिला सहमंत्री अरुण जैन, संतोष शर्मा, सचिन रघुवंशी, अतुल जैन, यश जैन सहित विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।









