
रिपोर्टर : मोहम्मद अय्यूब
इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज मध्यप्रदेश में दीपावली की तरह किया जाएगा। 17 सितंबर को भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के सभी 71 हजार बूथों पर शाम 7 बजे दीप जलाएंगे। साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घर पहुंचकर आशीर्वाद का दीपक जलाया जाएगा। महाकाल मंदिर सहित प्रदेश के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर दीपदान कार्यक्रम भी होंगे।
लंबे समय बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देने पार्टी कार्यालय में एक साथ नजर आए। इससे पहले मुख्यमंत्री प्रदेशाध्यक्ष के निवास पर भी पहुंचे।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूरे किए हैं। इसी सेवा यात्रा से जन-जन को परिचित कराने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि अभियान के दौरान 12 अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी बूथ स्तर तक लाभार्थियों से जुड़ेगी।
25 मिनट का श्रमदान करेंगे कार्यकर्ता
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता 25 अलग-अलग गतिविधियों में 25 मिनट का श्रमदान करेगा। बच्चों और महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी देने के कार्यक्रम होंगे। स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
‘नमो सेवा अनकही कहानी’ का मंचन
‘नमो सेवा अनकही कहानी’ कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यों पर 10 से 15 मिनट की नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। इनका मंचन चौक-चौराहों और विभिन्न संस्थानों में किया जाएगा। 2 अक्टूबर को 97 हजार आंगनवाड़ियों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित होगा।
11,404 शक्ति केंद्रों पर साझा होंगी कहानियां
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही छह एक्सप्रेस-वे विकसित किए जाएंगे। पीथमपुर से मुंबई तक 8 लेन एक्सप्रेस-वे तैयार है। दो मेट्रोपॉलिटन क्षेत्रों के विकास की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं। कर्मचारियों के प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू की गई है। सिंचाई रकबा बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। 85 हजार सरकारी भर्तियां की जा रही हैं और 2.5 लाख भर्तियों की तैयारी की जा रही है।
भाजपा प्रदेश के 11,404 शक्ति केंद्रों पर प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई योजनाओं के लाभार्थियों की 10-10 वास्तविक कहानियां सोशल मीडिया पर साझा करेगी। 7 अक्टूबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों और गांवों में रैलियां आयोजित की जाएंगी।









