
रिपोर्टर / प्रभु त्रिवेदी
खरगोन। मोतीपुरा में इस वर्ष गणेश चतुर्थी का पर्व भक्ति और आध्यात्मिक रंगों के साथ मनाया जा रहा है। श्री राम सेना द्वारा शासकीय स्कूल के पास महाराष्ट्र की प्रसिद्ध उत्सव शैली की तर्ज पर एक भव्य एवं आकर्षक धार्मिक झांकी तैयार की गई है। झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस झांकी की प्रमुख विशेषता राम सेतु की भव्य प्रस्तुति और उसके भीतर तैयार किया गया गुफा मार्ग है। श्रद्धालुओं को इसी गुफा मार्ग से होकर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्वरूपों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है। गुफा मार्ग से होंगे दिव्य दर्शन आयोजकों के अनुसार श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विशेष गुफा मार्ग तैयार किया गया है। गुफा में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को आकर्षक सजावट और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव होता है। गुफा को कलात्मक रूप से सजाया गया है, जिसमें महाराष्ट्र की पारंपरिक झांकी शैली की झलक देखने को मिलती है।गुफा के भीतर आगे बढ़ने पर बर्फीली वादियों जैसे वातावरण में बाबा अमरनाथ के पावन दर्शन होते हैं। इसके साथ ही गुफा के मुख्य भाग में उज्जैन के अधिपति बाबा महाकाल के भव्य स्वरूप की स्थापना की गई है। महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बने हुए हैं। राम सेतु की गाथा को किया गया जीवंत पूरी झांकी को प्रभु श्रीराम द्वारा समुद्र पर बनाए गए राम सेतु के प्रसंग पर आधारित किया गया है। श्री राम सेना के कार्यकर्ताओं एवं आयोजकों के अनुसार, झांकी के माध्यम से सनातन संस्कृति, मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के पराक्रम और भगवान शिव की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। झांकी स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। गणेश चतुर्थी के अवसर पर क्षेत्रवासियों के साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु भी झांकी का दर्शन कर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद ले रहे हैं। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार पहुंचकर इस भव्य धार्मिक झांकी के दर्शन करने का आग्रह किया है।









