
रिपोर्टर सोनू नामदेव
बैरसिया। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर कायस्थ बंधु समिति द्वारा कायस्थ समाज सहित संपूर्ण सनातन हिंदू समाज में शाकाहार को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ‘मांसाहार त्यागो, सम्मान पाओ’ अभियान के अंतर्गत समिति के सदस्य घर-घर पहुंचकर परिवारों को शाकाहारी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। अभियान के तहत भोपाल और मंडीदीप के अब तक 40 परिवारों ने शाकाहार अपनाने का संकल्प पत्र समिति को सौंपा है।
इसी क्रम में शनिवार को पटेल नगर में श्रीमती विद्या हरिचरण श्रीवास्तव और श्रीमती ज्योति राजेश श्रीवास्तव के परिवारों को शाकाहारी जीवनशैली अपनाने तथा अभियान में योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। कायस्थ बंधु समिति के अध्यक्ष गिरीश श्रीवास्तव ने दोनों परिवारों के सदस्यों को पीला गमछा पहनाकर सम्मानित किया और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
शाकाहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय दोनों परिवार लंबे समय से शाकाहारी जीवनशैली अपना रहे हैं। इसके साथ ही वे अभियान के प्रचार-प्रसार में भी सक्रिय योगदान दे रहे हैं। समिति द्वारा ऐसे परिवारों को सम्मानित कर अन्य लोगों को भी शाकाहार अपनाने और सात्विक जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।
नवरात्रि में सात्विक जीवनशैली अपनाने का संदेश समिति अध्यक्ष गिरीश श्रीवास्तव ने बताया कि नवरात्रि आत्मसुधार और जीवन में सात्विकता लाने का विशेष अवसर है। इसी भावना के साथ ‘मांसाहार त्यागो, सम्मान पाओ’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को शाकाहार के प्रति जागरूक करना और परिवारों को स्वेच्छा से शाकाहारी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल कायस्थ समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण सनातन हिंदू समाज में शाकाहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सात्विक जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निरंतर चलाया जा रहा है।









