
रिपोर्टर — बी.एल. पटेल
डिंडौरी। कलेक्टर महोदय डिंडौरी के मार्गदर्शन एवं सहायक आयुक्त महोदय के निर्देशन में जनजातीय कार्य विभाग, जिला डिंडौरी के अंतर्गत संचालित सक्षम कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षक दिवस के अवसर पर माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, बजाग में करियर जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर श्री चंद्रशेखर धुर्वे, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्रीमती पुष्पलता धुर्वे, नेहरू युवा केंद्र जिला अधिकारी श्री आर.पी. कुशवाहा एवं बी.ए.सी. श्री दीपेंद्र सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री बलवीर सिंह मरावी, सक्षम कार्यक्रम के जिला प्रबंधक श्री महारन प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रबंधक श्री अमित शुक्ला, मास्टर ट्रेनर श्री पुष्पेंद्र रज्जक एवं सुश्री शिवानी साहू सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्राओं की उपस्थिति में हुआ।शिक्षक दिवस के अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत सभी शिक्षकों के सम्मान एवं अभिनंदन के साथ हुई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके भविष्य के निर्माण में मार्गदर्शक की भूमिका भी निभाते हैं। सक्षम कार्यक्रम के जिला प्रबंधक श्री महारन प्रताप सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में करियर के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और लक्ष्य को पहचानकर सही दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बताया कि सक्षम कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक, आत्मविश्वासी और अपने भविष्य के निर्माण के लिए सक्षम बनाना है। कार्यशाला के दौरान छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास, स्वास्थ्य एवं जीवन कौशल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए करियर एवं भविष्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। मुख्य अतिथि श्रीमती पुष्पलता धुर्वे ने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहते हुए शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास पर निरंतर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। वहीं ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर श्री चंद्रशेखर धुर्वे ने स्वास्थ्य एवं जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। विद्यालय के प्राचार्य श्री बलवीर सिंह मरावी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला की उपयोगिता पर प्रकाश डाला तथा छात्राओं के मार्गदर्शन के लिए सक्षम कार्यक्रम द्वारा की जा रही पहल की सराहना की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर छात्राओं ने अपने लक्ष्य निर्धारित कर “सीखने, आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने” का संकल्प लिया। कार्यशाला ने छात्राओं को करियर के विभिन्न अवसरों की जानकारी देने के साथ उनके आत्मविश्वास एवं भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।









