
रिपोर्टर – जे. के. मिश्र
बिलासपुर, 12 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ की जिला शाखा बिलासपुर के अंतर्गत तहसील शाखा बिल्हा के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए नई नियुक्तियां की गई हैं। डॉ. देवनारायण यादव को तहसील शाखा बिल्हा का अध्यक्ष तथा अजय कुमार साहू को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जिला अध्यक्ष किशोर कुमार शर्मा ने बताया कि तहसील शाखा बिल्हा के वर्तमान अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर यादव अस्वस्थता के चलते संगठन की जिम्मेदारियों का नियमित संचालन नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में तहसील स्तर पर संगठन की गतिविधियों को निरंतर सक्रिय बनाए रखने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
नवनियुक्त पदाधिकारी
डॉ. देवनारायण यादव शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सिलपहरी, विकासखंड बिल्हा में पदस्थ हैं। उन्हें कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों में सक्रिय सहभागिता के लिए जाना जाता है।
वहीं अजय कुमार साहू शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रामपुर, विकासखंड बिल्हा में पदस्थ हैं। संगठन ने उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
कर्मचारी भवन में हुआ स्वागत समारोह
शुक्रवार को कर्मचारी भवन, बिलासपुर में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष किशोर कुमार शर्मा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश समन्वयक जी. आर. चंद्रा एवं जिला संरक्षक रामकुमार यादव उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा ने कहा कि तृतीय वर्ग कर्मचारी शासन की कार्यप्रणाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में बिल्हा तहसील शाखा की संगठनात्मक गतिविधियां और अधिक प्रभावी होंगी।
प्रदेश समन्वयक जी. आर. चंद्रा ने कहा कि संघ एक परिवार की तरह कार्य करता है। नई जिम्मेदारियों से संगठन को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. देवनारायण यादव एवं अजय कुमार साहू को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारी प्रतिनिधियों ने दोनों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में राजेश्वर वस्त्रकार, रामकुमार अग्रवाल, चैन सिंह ध्रुव, कुशल प्रसाद आरमो, गोरेलाल कुर्रे, सुशील कुमार केवट, राकेश शुक्ला, श्रवण कुमार कौशिक सहित जिला एवं तहसील स्तर के कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अंत में जिला अध्यक्ष किशोर कुमार शर्मा ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।









