
रिपोर्टर – बी. एल. पटेल
स्वामित्व अधिकार, अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पटवारियों सहित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण डिंडौरी के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान अभियान के सुचारू, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन से जुड़ी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दी गई। अभियान का उद्देश्य पात्र भू-स्वामियों को उनके स्वामित्व अधिकारों का विधिवत अभिलेखीकरण एवं पंजीयन कराकर संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने में सुविधा प्रदान करना है। अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर 2026 से स्वामित्व अधिकार प्राप्त भू-स्वामियों की रजिस्ट्री निःशुल्क कराई जाएगी। इससे पात्र हितग्राहियों को अपने भू-स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी और अभिलेखीय प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाया जा सकेगा। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्धता और जनसुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को अभियान का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।









