
रिपोर्ट : संजय सेन
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद दीप’ जलाने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने छत्तीसगढ़ी भाषा में गीत प्रस्तुत कर लोगों से अभियान से जुड़ने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर अपने घर में दीप प्रज्वलित करने का आह्वान किया। मंत्री वर्मा द्वारा प्रस्तुत गीत “आशीर्वाद के दिया जलाबो, हमरो गरब गुमान है…” के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान का संदेश आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। गीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों तथा देश के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और पहलों का उल्लेख किया गया है। 17 सितंबर को शाम 7 बजे जलाया जाएगा आशीर्वाद दीप सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे घर-घर आशीर्वाद दीप जलाने का आह्वान किया गया है। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा को स्मरण करते हुए आगामी 25 वर्षों के भारत के विकास के संकल्प से नागरिकों को जोड़ना है। अभियान की थीम ‘सेवा—विगत 25 वर्ष, सपना—आगामी 25 वर्ष’ रखी गई है। विकसित भारत के विभिन्न विषयों को अभियान में किया शामिल सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों में देश के विकास से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों को प्रमुखता दी गई है। इनमें स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, विकसित छत्तीसगढ़ सहित मैन्युफैक्चरिंग, कृषि एवं फूड प्रोसेसिंग, टेक्नोलॉजी एवं इनोवेशन, गतिशक्ति, डिफेंस, ग्रीन एवं ब्लू इकोनॉमी और भारत की सॉफ्ट पावर जैसे विषय शामिल हैं।युवाओं और विद्यार्थियों की भी होगी सहभागिता अभियान के तहत विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यालय स्तर से लेकर विकासखंड, जिला और राज्य स्तर तक ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रस्तावित है। इसके अलावा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक तथा निर्धारित दिवस पर ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’ जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। 17 सितंबर को शाम 7 बजे घर-घर आशीर्वाद दीप जलाने की अपील को अभियान में जनभागीदारी के एक माध्यम के रूप में लिया जा रहा है। मंत्री टंकराम वर्मा का छत्तीसगढ़ी गीत इसी संदेश को सरल भाषा में आमजन तक पहुंचाने का प्रयास है।









