
रिपोर्टर – पदम कुमार भारद्वाज
रामपुरा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय रामपुरा की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा गोद ग्राम खेतपालिया में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान रासेयो स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता, शिक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया।जागरूकता रैली के बाद स्वयंसेवकों द्वारा गांव में स्वच्छता अभियान चलाया गया। सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई करते हुए ग्रामीणों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। नाटक के माध्यम से बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, समान अवसर और समाज में उनके महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों से बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने और बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का आह्वान किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलराम सोनी ने रासेयो स्वयंसेवकों को समाजहित में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भरत कुमार धनगर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा गतिविधियों के साथ समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता को बढ़ावा देना भी है। खेतपालिया में आयोजित जागरूकता रैली, स्वच्छता अभियान और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषयक नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों तक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश पहुंचाया गया। डॉ. धनगर ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की शक्ति हैं। उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।कार्यक्रम में रासेयो स्वयंसेवकों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार से डॉ. मुक्ता दुबे, डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. जितेंद्र पाटीदार, डॉ. अर्जुन धनगर, डॉ. शरद शर्मा सहित रासेयो स्वयंसेवक उपस्थित रहे।









