
रिपोर्टर मुकेश चौधरी
शिवपुरी। उर्वरक वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अनियमितताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने विकासखंड पोहरी के बैराड़ में उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन दुकानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। कृषि विभाग की टीम ने कान्हा एग्रो एजेंसी बैराड़, कान्हा ट्रेडर्स बैराड़ एवं त्यागी बीज भंडार बैराड़ का निरीक्षण किया। जांच के दौरान उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985, बीज अधिनियम एवं कीटनाशक अधिनियम के प्रावधानों के उल्लंघन की स्थिति सामने आई। इसके बाद प्रशासन एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने तीनों प्रतिष्ठानों को मौके पर ही सील करने की कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देश के तहत की गई इस कार्रवाई के दौरान उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एम.के. दनेलिया सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा खाद की कालाबाजारी एवं अन्य अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सघन निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग के अनुसार, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









