
रिपोर्टर – महेश शर्मा
ब्यावरा। श्री अंजनीलाल मंदिर ट्रस्ट द्वारा नवरात्रि महोत्सव के अवसर पर आयोजित बच्चों की गीत-गायन प्रतियोगिता में नन्हें कलाकारों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। मंच पर महज पांच-छह वर्ष के बालक-बालिकाओं ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर अपनी गायन प्रतिभा, आत्मविश्वास और संगीत के प्रति लगाव का सुंदर परिचय दिया।
श्री अंजनीलाल धाम में आयोजित इस प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के 50 से अधिक बच्चों ने बुधवार रात तक अपनी प्रस्तुतियां दीं। कई प्रतिभागियों ने गायन के साथ स्वयं वाद्ययंत्र बजाकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नन्हें कलाकारों ने सुर, लय और ताल के सुंदर सामंजस्य के साथ भावपूर्ण प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के शुभारंभ में गीत-संगीत के जानकार पं. सुदर्शन जी, गायक कलाकार सपना शिवहरे और राजेन्द्र सिंह राठौड़ अतिथि एवं निर्णायक के रूप में मंचासीन रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलित किया और कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बच्चों में गीत-गायन और संगीत के प्रति रुचि एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों और उनके पालकों से आग्रह किया कि यदि बच्चों की रुचि संगीत में है, तो उन्हें अभ्यास और उचित मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करें। अतिथियों ने प्रतिभागियों को गायन से जुड़े उपयोगी सुझाव भी दिए और कहा कि सही वातावरण, नियमित अभ्यास तथा परिवार के सहयोग से बच्चे अपनी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।
अतिथियों ने बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने की मंदिर ट्रस्ट परिवार की पहल की सराहना की। कार्यक्रम में संगीत शिक्षक विवेक सिंह खींची, आदित्य उपाध्याय सहित सभी अतिथियों एवं नन्हें छात्र आर्यन शर्मा का मंदिर ट्रस्ट परिवार द्वारा स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नगरवासी और प्रतिभागी बच्चों के पालक उपस्थित रहे।
मंदिर ट्रस्ट परिवार द्वारा चयनित प्रतिभागियों को विजयादशमी पर्व पर शाम 7 बजे प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।









