
रिपोर्टर – रघुवीर सिंह धाकड़
शमशाबाद। महानीम चौराहा स्थित गुरुकुलम स्कूल के कबड्डी मैदान में 70वीं संभाग स्तरीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के 17 वर्ष आयु वर्ग में विदिशा के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए बालक और बालिका दोनों वर्गों में संभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पांच जिलों से पहुंचे करीब 130 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बालक वर्ग में विदिशा ने हासिल किया प्रथम स्थान बालक वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में विदिशा ने भोपाल को 36-17 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में विदिशा का सामना राजगढ़ की टीम से हुआ। विदिशा के खिलाड़ियों ने रेड और डिफेंस में बेहतर तालमेल के साथ खेलते हुए 39-22 के अंतर से मुकाबला अपने नाम किया और संभाग चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। बालिका वर्ग में भी विदिशा का शानदार प्रदर्शन बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में विदिशा ने राजगढ़ को 25-16 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में विदिशा और रायसेन की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। विदिशा की खिलाड़ियों ने 36-30 के स्कोर से मुकाबला जीतकर बालिका वर्ग की ट्रॉफी भी अपने नाम की। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करेंगी चयनित खिलाड़ी जिला खेल अधिकारी प्रशांत रघुवंशी ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर भोपाल संभाग की राज्य स्तरीय टीम का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ी 23 सितंबर से भिंड में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता में भोपाल संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। संभाग स्तर पर दोनों वर्गों में बेहतर प्रदर्शन के बाद विदिशा के खिलाड़ियों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को लेकर उत्साह है। प्रतियोगिता के दौरान स्वतंत्र जैन, अंबेश सोनी, राजेंद्र यादव, अनिल सोनी एवं माध्यमिक खेल शिक्षक पंकज भार्गव मौजूद रहे। अरविंद ठाकुर, ज्योति ठाकुर, मयूर भार्गव, अर्चना किरार, चंद्रभान रघुवंशी और हनीफ खान ने निर्णायक एवं रेफरी की भूमिका निभाई। समापन अवसर पर समाजसेवी डॉ. भैरो सिंह गुर्जर, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रहलाद धाकड़, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र जैन, मनोज साहू, समाजसेवी धनेश पाठक सहित पत्रकार ईश्वरी भार्गव, शिव कुमार यादव एवं मनोहर सिंह राजपूत उपस्थित रहे।









