
रिपोर्ट/अर्जुन ठाकुर
दमोह। भूटान की राजधानी थिंपू में आयोजित साउथ एशियन अकैडमी ऑफ ऑप्थाल्मोलॉजी के 5वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दमोह के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश राय को उनके व्याख्यान के लिए सम्मानित किया गया। खेसर ज्ञालपो यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंस ऑफ भूटान द्वारा 17 से 20 सितंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में डॉ. राकेश राय ने बच्चों में डिजिटल डिवाइस जैसे मोबाइल, लैपटॉप तथा एसी-हीटर के अत्यधिक उपयोग से आंखों पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव एवं उनके निदान से संबंधित विषय पर व्याख्यान दिया। उनके व्याख्यान के बाद सम्मेलन के प्रेसिडेंट द्वारा डॉ. राकेश राय को सम्मानित किया गया। सम्मेलन में भूटान के स्वास्थ्य मंत्री सहित भारत और अन्य देशों के नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ उपस्थित रहे।सम्मेलन में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधा राय ने भी सहभागिता की और नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में नवीनतम जानकारियां प्राप्त कीं। डॉ. राकेश राय के सम्मानित होने पर कलेक्टर, चिकित्सकों, परिवारजनों एवं मित्रों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।









