
रिपोर्ट: भगत राम शर्मा
सक्ती। कलेक्टर के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विभाग की टीम ने 23 सितंबर 2026 को आबकारी वृत्त सक्ती क्षेत्र में गश्त एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 31 लीटर महुआ शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। जिला स्तरीय उड़नदस्ता प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में टीम ने पहली कार्रवाई ग्राम सोंठी, थाना सक्ती में की। यहां राकेश कुमार डेंसिल पिता संतोष, उम्र 31 वर्ष, के रहवासी मकान की बाड़ी में गड्ढे में छिपाकर रखी गई 6 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। इसी तरह ग्राम चमरवाह, थाना सक्ती में श्याम बाई धनुहार पति विशाल सिंह के घर के कमरे में प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर रखी 10 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। वहीं इसी गांव में समारिन बाई पति धन कुमार के शौचालय में छिपाकर रखी 15 लीटर महुआ शराब भी आबकारी टीम ने बरामद की। आबकारी विभाग के अनुसार, तीनों मामलों में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में मुख्य आरक्षक आबकारी रघुनाथ पैकरा, आबकारी आरक्षक नवीन मनहर, सैनिक वीरेंद्र यादव एवं भीम साहू तथा आबकारी स्टाफ परसराम और बसंती चौधरी का योगदान रहा।









