
रिपोर्टर: ब्रजेश कुशवाह
कोलारस। नगर में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री गणेश महोत्सव के अवसर पर भव्य चल समारोह का आयोजन श्री गणेश महोत्सव चल समारोह चयन समिति, कोलारस द्वारा किया जा रहा है। गणेश उत्सव के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर श्री गणेश की प्रतिमाएं विराजित की गई हैं। आयोजन के तहत सदर बाजार, एप्रोच रोड, एबी रोड, जगतपुर एवं मानीपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से गणेश उत्सव समितियों द्वारा आकर्षक झांकियां सजाकर चल समारोह में शामिल की जाएंगी। विभिन्न मार्गों से निकलने वाली झांकियां चयन समिति के समक्ष अपनी कला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। आयोजन में उत्कृष्ट झांकी का चयन कर प्रथम पुरस्कार 5100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 3100 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 2100 रुपये प्रदान किया जाएगा। आयोजकों महावीर जैन, किशन यादव एवं महेश नामदेव ने बताया कि कोलारस में यह आयोजन पिछले दो-तीन वर्षों से किया जा रहा है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित होता है तथा नगरवासियों का आयोजन को लगातार सहयोग मिलता रहा है।आयोजकों ने बताया कि गणेश महोत्सव चल समारोह के साथ विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इस दौरान चयनित छात्रों को गोल्ड मेडल एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। आयोजकों ने नगरवासियों से कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।









