
रिपोर्टर सोनू नामदेव
नगर में सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती बाल्मीकि समाज द्वारा हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। धर्म ध्वजा, महर्षि वाल्मीकि के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा हनुमान मंदिर, ब्लॉक कॉलोनी से प्रारंभ हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई टीला मोहल्ला स्थित वाल्मीकि मंदिर पहुंची। यहां विधि-विधान से भगवान वाल्मीकि की पूजा-अर्चना, महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
धर्म ध्वजा, आकर्षक रथ और भजनों ने बांधा समां
शोभायात्रा में धर्म ध्वजा लेकर चलते घुड़सवार, महर्षि वाल्मीकि का आकर्षक रथ, भजन-कीर्तन करती मंडलियां और चलित झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं डीजे और ढोल की थाप पर थिरकते युवाओं ने उत्सव के उल्लास को और बढ़ा दिया। नगर के विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों और नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
जनप्रतिनिधियों सहित समाज जन रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अवनीश भार्गव, भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष तीरथ सिंह मीणा, उपाध्यक्ष राजमल कुशवाह, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी दीपक दुबे, बैरसिया ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, भाजपा के पूर्व महामंत्री लक्ष्मीनारायण शिल्पी, पूर्व पार्षद किशोर कुमार करोशिया, रमेश घेघट, सेवकराम पांडा, राधे गौहर, रामू गौहर, जीतेंद्र गौहर, सुनील खरे, राहुल खरे, कैलाश गौहर और पार्षद रवि करोशिया सहित बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक उत्साह के साथ निकली शोभायात्रा ने नगर में धार्मिक उल्लास का माहौल बना दिया।









