
रिपोर्टर रामनारायण पाटीदार
धार . कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के निर्देशानुसार एवं आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश के आदेश के पालन में आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत दूध, मावा, पनीर, मिठाई, नमकीन एवं खाद्य तेल के निर्माताओं, दूध चिलिंग सेंटर, डेयरी और रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए जा रहे हैं।
अभिहित अधिकारी डॉ. अनिता सिंगारे के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रामगोपाल मऊटा एवं श्री सुभाष खेड़कर द्वारा 27 अक्टूबर को विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कार्यवाही की गई। धार स्थित शिवम दूध संकलन केंद्र, मांडव लिंक रोड से मिक्स मिल्क के दो नमूने लिए गए। वहीं अनिक मिल्क प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड, मिल्क चिलिंग सेंटर, इंदौर-अहमदाबाद हाईवे, नौगांव से गाय के दूध के दो नमूने जांच हेतु लिए गए। दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
दल द्वारा तिरुपति नगर, धार स्थित श्री डेयरी का निरीक्षण कर मावा, खुला घी एवं पनीर के नमूने लिए गए। इसी प्रकार सागौर कुटी चौराहा, पीथमपुर स्थित पद्म श्री स्वीट्स से खुले मावा एवं मिल्क केक मिठाई के नमूने तथा श्री कृष्णा किराना स्टोर, सागौर कुटी चौराहा से पैक पराग हल्दी पाउडर का नमूना जांच हेतु लिया गया।
तहसील सरदारपुर क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए ग्राम राजोद स्थित श्रीनाथ रेस्टोरेंट से खुली सेव एवं मिल्क केक मिठाई के नमूने लिए गए। मधुर रेस्टोरेंट, ग्राम राजोद से खुली बर्फी तथा महाकाल रेस्टोरेंट, ग्राम लाबरिया से खुले रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना जांच हेतु लिया गया।
निरीक्षण के दौरान कुल 14 नमूने एकत्रित किए गए, जिनमें दूध के चार, घी का एक, पनीर का एक, हल्दी पाउडर का एक, मावा के दो, सोयाबीन तेल का एक, मिठाई के तीन तथा सेव का एक नमूना शामिल है। सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।









